return to news
  1. HCL-फॉक्सकॉन सेमीकंडक्टर जॉइंट वेंचर को मंजूरी, जेवर में लगेगा प्लांट, ₹3,706 करोड़ के निवेश का अनुमान

बिजनेस न्यूज़

HCL-फॉक्सकॉन सेमीकंडक्टर जॉइंट वेंचर को मंजूरी, जेवर में लगेगा प्लांट, ₹3,706 करोड़ के निवेश का अनुमान

Upstox

2 min read | अपडेटेड May 14, 2025, 17:42 IST

सारांश

India Semiconductor Mission: देश में पहले से ही पांच सेमीकंडक्टर यूनिट का कंस्ट्रक्शन एडवांस्ड स्टेज में है। इस छठी यूनिट के साथ, भारत रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री को विकसित करने की दिशा में और प्रगति कर रहा है।

सेमीकंडक्टर

HCL-फॉक्सकॉन सेमीकंडक्टर जॉइंट वेंचर को मंजूरी

सरकार ने बुधवार को एचसीएल-फॉक्सकॉन सेमीकंडक्टर जॉइंट वेंचर को मंजूरी दे दी। यह जॉइंट वेंचर उत्तर प्रदेश के जेवर में 3,706 करोड़ रुपये के अनुमानित इन्वेस्टमेंट से वेफर्स बनाने का प्लांट लगाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में लिए गए फैसले की जानकारी देते हुए सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि प्रस्तावित एचसीएल-फॉक्सकॉन सेमीकंडक्टर प्लान्ट मोबाइल फोन, लैपटॉप, गाड़ियों और अन्य उपकरणों के लिए डिस्प्ले ड्राइवर चिप बनाएगा। आधिकारिक बयान में कहा गया है कि प्रस्तावित करखाना हर महीने 20,000 वेफर्स (सेमीकंडक्टर सामग्री सिलिकन की पतली परत) तैयार करेगा। इससे लगभग 2,000 नौकरियां भी निकलेंगी। इस नए सेमीकंडक्टर प्लान्ट में 3,706 करोड़ रुपये का निवेश होने का अनुमान है।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

देश में पहले से ही पांच सेमीकंडक्टर यूनिट का कंस्ट्रक्शन एडवांस्ड स्टेज में है। इस छठी यूनिट के साथ, भारत रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री को विकसित करने की दिशा में और प्रगति कर रहा है। हार्डवेयर विकसित करने और निर्माण करने का एचसीएल का लंबा अनुभव रहा है। फॉक्सकॉन इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण क्षेत्र में एक वैश्विक प्रमुख कंपनी है। दोनों मिलकर यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण या वाईईआईडीए में जेवर हवाई अड्डे के पास एक प्लांट स्थापित करेंगे।

सेमीकंडक्टर उद्योग अब पूरे देश में विस्तारित हो रहा है। देश भर के कई राज्यों में विश्व स्तरीय डिजाइन सुविधाएं उपलब्ध हैं। राज्य सरकारें डिजाइन फर्मों को बढ़ावा देने के लिए काफी प्रयास कर रही हैं। 270 शैक्षणिक संस्थानों और 70 स्टार्टअप में छात्र और उद्यमी नए उत्पादों के विकास के लिए विश्व स्तरीय नवीनतम डिजाइन तकनीकों पर काम कर रहे हैं। इन शैक्षणिक संस्थानों द्वारा विकसित 20 उत्पादों को एससीएल मोहाली द्वारा टेप आउट(डिजाइन चरण-आवश्यक सत्यापन और मान्यता चरण को पूरा करने की प्रक्रिया) किया गया है।

भारत ने सेमीकंडक्टर क्षेत्र में अपनी सुविधाएं स्थापित की हैं। एप्लाइड मैटेरियल्स और लैम रिसर्च दो सबसे बड़े उपकरण निर्माता हैं और इन दोनों की अब भारत में उपस्थिति है। मर्क, लिंडे, एयर लिक्विड, आईनॉक्स और कई अन्य गैस और रासायनिक आपूर्तिकर्ता हमारे सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री के विकास के लिए पूरी तरह तैयार है। भारत में लैपटॉप, मोबाइल फोन, सर्वर, चिकित्सा उपकरण, बिजली इलेक्ट्रॉनिक्स, रक्षा उपकरण और उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण के तेजी से विकास के साथ सेमीकंडक्टर की मांग बढ़ रही है।

लेखकों के बारे में

Upstox
Upstox Hindi News Desk पत्रकारों की एक टीम है जो शेयर बाजारों, अर्थव्यवस्था, वस्तुओं, नवीनतम व्यावसायिक रुझानों और व्यक्तिगत वित्त को उत्साहपूर्वक कवर करती है।

अगला लेख