return to news
  1. जुलाई के एक बग ने मचाई ग्लोबल हलचल, Microsoft के 80% से ज्यादा सर्वर ठप करने की असली वजह आई सामने

ट्रेंडिंग न्यूज़

जुलाई के एक बग ने मचाई ग्लोबल हलचल, Microsoft के 80% से ज्यादा सर्वर ठप करने की असली वजह आई सामने

Upstox

4 min read | अपडेटेड November 16, 2026, 15:00 IST

सारांश

गेटवे के अलग-अलग हिस्सों को सामान्य रूप से एक-दूसरे से अलग रखने वाली सुरक्षा व्यवस्थाएं भी इस समस्या को रोक नहीं सकीं। इसकी वजह एक अलग बग था, जिसके कारण आउटेज दुनिया भर में फैल गया।

माइक्रोसॉफ्ट आउटेज

दुनियाभर में ठप हुई Microsoft की सर्विसेज के लिए कंपनी ने जुलाई के बग को बताया जिम्मेदार (Photo: Shutterstock)

ग्लोबल टेक कंपनी माइक्रोसॉफ्ट ने आउटलुक और उसकी बाकी माइक्रोसॉफ्ट 365 सर्विसेज में पिछले सप्ताह आए ग्लोबल आउटेज से जुड़ी जानकारी देते हुए बताया कि इस दौरान एक समय उसके नेटवर्किंग गेटवे के 80% से अधिक सर्वर काम नहीं कर पा रहे थे। कंपनी ने इसके लिए जुलाई में आए एक सॉफ्टवेयर बग को जिम्मेदार ठहराया है। माइक्रोसॉफ्ट के एग्जिक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट (कोपायलट, एजेंट्स और प्लेटफॉर्म) चार्ल्स लामन्ना ने आज सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर माइक्रोसॉफ्ट आउटेज के पीछे के कारण को लेकर एक पोस्ट शेयर की। उन्होंने लिखा कि माइक्रोसॉफ्ट 365 की कई सर्विसेज के आगे काम करने वाले नेटवर्किंग गेटवे में व्यवधान के लिए तीन कारक एक साथ जिम्मेदार थे।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

उन्होंने कहा, 'हम अपने सभी कस्टमर्स पर पड़े असर के लिए गहराई से खेद जताते हैं और समझते हैं कि इससे उनके सामान्य कारोबार और परिचालन पर असर पड़ा है।' लामन्ना ने कहा कि पहला कारक एक ऐसा बग था, जो कुछ खास परिस्थितियों में सर्वर पर अधिक लोड पड़ने से उन्हें काम करने में असमर्थ बना देता थी। यह बग खासतौर से माइक्रोसॉफ्ट 365 नेटवर्किंग गेटवे सर्वर के लिए तैयार किए गए एक अपडेट से आया था और विंडोज के व्यापक स्तर पर इस्तेमाल होने वाले वर्जन्स पर लागू नहीं होता।

उन्होंने कहा कि इस बदलाव को जुलाई में लागू करना शुरू किया गया था और तीन महीने से अधिक समय तक दुनिया भर में इसका इस्तेमाल होता रहा, लेकिन कोई समस्या सामने नहीं आई। कंपनी के लोड टेस्टिंग में भी यह समस्या पकड़ में नहीं आई, क्योंकि ये टेस्टिंग अपेक्षाकृत कम क्षमता वाले हार्डवेयर पर केंद्रित थे, जबकि यह बग अधिक प्रोसेसिंग कोर वाली नई मशीनों में ज्यादा गंभीर था।

दूसरा कारक यह था कि व्यवधान शुरू होने से करीब 15 घंटे पहले माइक्रोसॉफ्ट टीम्स ने एक ऑप्शनल गेटवे के बजाय मुख्य गेटवे का इस्तेमाल शुरू कर दिया था। यही गेटवे कंपनी के ईमेल प्लेटफॉर्म एक्सचेंज ऑनलाइन को भी सपोर्ट देता है। इससे उस गेटवे पर लोड बढ़ गया और उसके ट्रैफिक का स्वरूप बदल गया।

लामन्ना ने कहा कि इस तरह का बदलाव सामान्य परिचालन प्रक्रिया का हिस्सा है।तीसरा कारक यह था कि पिछले दिन आई एक अलग समस्या के कारण उस समय गेटवे की करीब 14% सर्वर क्षमता काम नहीं कर रही थी। उन्होंने कहा कि अधिक लोड और कम क्षमता के एक साथ होने से गेटवे जुलाई में आए बग की चपेट में आ गया। इसके बाद रिक्वेस्ट्स का ढेर लगने लगा और अंत में सर्वर ने काम करना बंद कर दिया।

उन्होंने कहा कि गेटवे के अलग-अलग हिस्सों को सामान्य रूप से एक-दूसरे से अलग रखने वाली सुरक्षा व्यवस्थाएं भी इस समस्या को रोक नहीं सकीं। इसकी वजह एक अलग बग था, जिसके कारण आउटेज दुनिया भर में फैल गया। लामन्ना ने कहा कि टीम्स, वनड्राइव, शेयरपॉइंट और ऑफिस ऐप जैसी सर्विसेज खराब गेटवे से हटकर दूसरे गेटवे पर जा सकीं और उन्हें पहले बहाल कर दिया गया। आउटेज के ज्यादातर समय टीम्स की चैट और मीटिंग्स काम कर रही थीं। हालांकि, एक्सचेंज ऑनलाइन के लिए ऐसा करना संभव नहीं है।

उन्होंने कहा कि सर्विसेज को बहाल करने में सामान्य से अधिक समय लगा, क्योंकि दोबारा चालू किए गए सर्वर पर वेट कर रहा ट्रैफिक तुरंत आ गया और वे फिर से जवाब देने में असमर्थ हो गए। लामन्ना ने कहा कि घटना की विस्तृत समीक्षा इस सप्ताह के अंत में उपलब्ध कराई जाएगी। सर्विसेज में आई बाधा पर नजर रखने वाली वेबसाइट ‘डाउनडिटेक्टर’ पर आउटलुक से जुड़ी समस्याओं की 1.3 लाख से अधिक शिकायतें दर्ज की गई थीं। 72-74 देशों में सर्विसेज प्रभावित होने की खबरें थीं।

लेखकों के बारे में

Upstox
Upstox Hindi News Desk पत्रकारों की एक टीम है जो शेयर बाजारों, अर्थव्यवस्था, वस्तुओं, नवीनतम व्यावसायिक रुझानों और व्यक्तिगत वित्त को उत्साहपूर्वक कवर करती है।

अगला लेख

End of additional stories