पर्सनल फाइनेंस
.png)
4 min read | अपडेटेड April 07, 2026, 14:20 IST
सारांश
फिक्स्ड डिपॉजिट में पैसा लगाना न केवल सुरक्षित है, बल्कि यह सेविंग्स अकाउंट से कहीं ज्यादा मुनाफा देता है। हाल ही में एसबीआई, एचडीएफसी, आईसीआईसीआई और कोटक महिंद्रा बैंक ने अपनी नई ब्याज दरें लागू की हैं।

सुरक्षित भविष्य के लिए बड़े बैंकों में एफडी निवेश पर मिल रहा है शानदार ब्याज।
सुरक्षित और भरोसेमंद निवेश की जब भी बात आती है, तो फिक्स्ड डिपॉजिट यानी एफडी का नाम सबसे पहले दिमाग में आता है। कंजर्वेटिव इनवेस्टर्स के लिए यह एक ऐसा टूल है जहां बिना किसी रिस्क के लंबे समय तक एक जैसा और तय रिटर्न मिलता है। अगर आप अपना पैसा सिर्फ सेविंग्स अकाउंट में डालकर छोड़ देते हैं, तो आपको बहुत कम ब्याज मिलता है। इसकी तुलना में एफडी में आप एक तय समय के लिए एकमुश्त पैसा जमा करते हैं और उस पर बैंक आपको सेविंग्स अकाउंट से कहीं ज्यादा ब्याज देता है। एफडी की सबसे बड़ी खूबी यह है कि आप अपनी जरूरत के हिसाब से 7 दिन से लेकर 10 साल तक की अवधि चुन सकते हैं। जितनी लंबी अवधि आप चुनते हैं, आपको ब्याज दर भी उसी के हिसाब से अधिक मिलती है।
देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक यानी स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) ने अपनी ब्याज दरों में खास बदलाव किए हैं। अगर आप एसबीआई में पैसा जमा करने की सोच रहे हैं, तो जान लीजिए कि यहां सबसे ज्यादा ब्याज 2 साल की एफडी पर मिल रहा है। आम जनता के लिए यह दर 6.45 पर्सेट है, जबकि सीनियर सिटीजन्स के लिए यह 6.95 पर्सेट तय की गई है। अगर सीनियर सिटीजन 5 साल से लेकर 10 साल तक की लंबी अवधि के लिए निवेश करते हैं, तो उन्हें 7.05 पर्सेट तक का बेहतरीन रिटर्न मिल सकता है। वहीं आम ग्राहकों को इसी अवधि के लिए 6.05 पर्सेट ब्याज दिया जा रहा है। एसबीआई की ये दरें उन लोगों के लिए बहुत अच्छी हैं जो लंबे समय के लिए सुरक्षित निवेश चाहते हैं।
प्राइवेट सेक्टर के बड़े खिलाड़ी कोटक महिंद्रा बैंक ने अपने ग्राहकों के लिए काफी आकर्षक दरें पेश की हैं। अगर आप सीनियर सिटीजन हैं, तो आपके लिए यहां 7.20 पर्सेट तक ब्याज कमाने का मौका है। यह शानदार दर 15 महीने से लेकर 3 साल से कम की एफडी पर उपलब्ध है। आम ग्राहकों के लिए भी कोटक बैंक काफी उदार दिख रहा है। बैंक आम लोगों को इसी अवधि के लिए 6.70 पर्सेट का ब्याज दे रहा है। कोटक बैंक की ये नई दरें 11 फरवरी 2026 से प्रभावी हो चुकी हैं। बैंक का फोकस इस समय मिड-टर्म डिपॉजिट पर ज्यादा दिख रहा है, जहां इनवेस्टर्स को सबसे ज्यादा फायदा मिल सकता है।
प्राइवेट सेक्टर के सबसे बड़े बैंक एचडीएफसी बैंक की बात करें, तो यहां सीनियर सिटीजन्स को 18 महीने से 3 साल की एफडी पर 6.95 पर्सेट ब्याज मिल रहा है। आम ग्राहकों के लिए बैंक 3 साल से ज्यादा और 4 साल 7 महीने से कम की अवधि पर 6.50 पर्सेट का सबसे ज्यादा ब्याज ऑफर कर रहा है। वहीं आईसीआईसीआई बैंक भी रेस में पीछे नहीं है। आईसीआईसीआई बैंक सीनियर सिटीजन्स को 3 से 5 साल की एफडी और टैक्स सेवर एफडी पर 7.10 पर्सेट का शानदार ब्याज दे रहा है। आम ग्राहकों के लिए इस बैंक की सबसे ऊंची दर 6.50 पर्सेट है, जो 3 साल से लेकर 10 साल तक के निवेश पर मिलती है। ये दरें 6 अप्रैल 2026 से ही लागू हुई हैं।
एफडी में पैसा लगाने से पहले हमेशा अलग-अलग बैंकों की दरों की तुलना करनी चाहिए क्योंकि थोड़ी सी रिसर्च आपको बड़ा मुनाफा दिला सकती है। आमतौर पर देखा गया है कि बैंक मिड से लॉन्ग टर्म की एफडी पर ज्यादा ब्याज देते हैं। हालांकि, अक्सर 3 साल से ज्यादा के निवेश पर ब्याज दरें थोड़ी कम होने लगती हैं। एक और खास बात यह है कि लगभग सभी बैंक सीनियर सिटीजन्स को आम ग्राहकों के मुकाबले 0.50 पर्सेट ज्यादा ब्याज देते हैं। एफडी का सबसे बड़ा फायदा यह है कि मेच्योरिटी पूरी होने पर आप अपना पैसा और ब्याज सीधे अकाउंट में ले सकते हैं या फिर उसे दोबारा नई दरों पर रिन्यू करा सकते हैं।
संबंधित समाचार
लेखकों के बारे में
.png)
अगला लेख