return to news
  1. सोने की ज्वेलरी खरीदने वालों के लिए जरूरी खबर, 6 और जिलों में हॉलमार्किंग अनिवार्य, देखें पूरी लिस्ट

पर्सनल फाइनेंस

सोने की ज्वेलरी खरीदने वालों के लिए जरूरी खबर, 6 और जिलों में हॉलमार्किंग अनिवार्य, देखें पूरी लिस्ट

Upstox

4 min read | अपडेटेड November 10, 2026, 10:02 IST

सारांश

हॉलमार्क वाली ज्वेलरी पर दिया गया HUID नंबर उसकी पहचान के लिए बेहद जरूरी है। ग्राहक इस नंबर के जरिए उस खास ज्वेलरी की जानकारी की जांच कर सकते हैं। इसके लिए BIS Care ऐप में 'Verify HUID' की सुविधा दी गई है।

Gold

सरकार के इस फैसले से सोने की ज्वेलरी की कीमतों या सोने की शुद्धता के मौजूदा मानकों में कोई बदलाव नहीं होगा।

अगर आप सोने की ज्वेलरी खरीदने की योजना बना रहे हैं तो आपके लिए जरूरी खबर है। केंद्र सरकार ने सोने की ज्वेलरी पर अनिवार्य हॉलमार्किंग का दायरा बढ़ा दिया है। सरकार ने देश के 6 और जिलों को इस व्यवस्था में शामिल किया है। इसके साथ ही अब देश के 26 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के कुल 398 जिलों में सोने की ज्वेलरी पर हॉलमार्किंग अनिवार्य हो गई है। इसका मकसद ग्राहकों को सोने की शुद्धता को लेकर ज्यादा सुरक्षा देना और बाजार में बिकने वाली ज्वेलरी की गुणवत्ता सुनिश्चित करना है।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

किन 6 नए जिलों में अनिवार्य हुई हॉलमार्किंग?

उपभोक्ता मामलों के विभाग ने हॉलमार्किंग से जुड़ा चौथा संशोधन आदेश जारी किया है। इसे नोटिफिकेशन S.O. 5997(E) के जरिए अधिसूचित किया गया। यह आदेश 7 नवंबर को सरकारी राजपत्र में प्रकाशित हुआ। इसके साथ ही साल 2020 में जारी हॉलमार्किंग आदेश के तहत जिलों की पुरानी लिस्ट में बदलाव किया गया है।

सरकार ने जिन 6 नए जिलों को इस व्यवस्था में शामिल किया है, उनमें बिहार का पश्चिम चंपारण, दिल्ली का दक्षिण पश्चिम दिल्ली, गुजरात का पंचमहल, उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर और संत कबीर नगर और उत्तराखंड का रुद्रप्रयाग शामिल हैं। इससे पहले अगस्त 2026 में जारी संशोधन के बाद देश के 392 जिलों में अनिवार्य हॉलमार्किंग लागू थी। अब 6 नए जिले जुड़ने से इनकी संख्या बढ़कर 398 हो गई है।

ग्राहकों के लिए क्या बदलेगा?

इन जिलों में अब सरकारी आदेश के दायरे में आने वाली सोने की ज्वेलरी के लिए भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) के हॉलमार्किंग नियमों का पालन करना जरूरी होगा। यहां काम करने वाले ज्वेलर्स को भी संबंधित रजिस्ट्रेशन और हॉलमार्किंग से जुड़े नियमों का पालन करना होगा।

हालांकि, सरकार के इस फैसले से सोने की शुद्धता के मानकों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। सिर्फ उन जिलों की संख्या बढ़ाई गई है, जहां पहले से लागू हॉलमार्किंग व्यवस्था अनिवार्य है। जून 2021 में सरकार ने चरणबद्ध तरीके से अनिवार्य हॉलमार्किंग की शुरुआत की थी। शुरुआत में इसे देश के 256 जिलों में लागू किया गया था। इसके बाद समय-समय पर नए जिलों को इसमें शामिल किया जाता रहा है।

सोने की ज्वेलरी खरीदते समय ये 3 चीजें जरूर देखें

हॉलमार्किंग का मुख्य उद्देश्य ग्राहकों को कम शुद्धता वाला सोना बेचने से बचाना है। BIS के हॉलमार्क वाली सोने की ज्वेलरी पर तीन चीजें दर्ज होती हैं। पहली BIS का लोगो, दूसरी सोने की शुद्धता यानी कैरेट और फाइननेस की जानकारी और तीसरी 6 अंकों का अल्फान्यूमेरिक हॉलमार्क यूनिक आइडेंटिफिकेशन (HUID) नंबर।

उदाहरण के लिए, अगर किसी सोने की ज्वेलरी पर 22K916 लिखा है तो इसका मतलब है कि उसमें 91.6% सोना है। यानी एक हजार हिस्सों में 916 हिस्से शुद्ध सोने के हैं। इसलिए ज्वेलरी खरीदते समय केवल दुकानदार की बात पर भरोसा न करें, बल्कि इन तीनों निशानों को जरूर जांचें।

BIS Care ऐप से ऐसे चेक करें सोने की शुद्धता

हॉलमार्क वाली ज्वेलरी पर दिया गया HUID नंबर उसकी पहचान के लिए बेहद जरूरी है। ग्राहक इस नंबर के जरिए उस खास ज्वेलरी की जानकारी की जांच कर सकते हैं। इसके लिए BIS Care ऐप में 'Verify HUID' की सुविधा दी गई है। ग्राहक इस विकल्प का इस्तेमाल करके ज्वेलरी पर दर्ज HUID नंबर की पुष्टि कर सकते हैं।

क्या सोने की कीमत पर पड़ेगा असर?

सरकार के इस फैसले से सोने की ज्वेलरी की कीमतों या सोने की शुद्धता के मौजूदा मानकों में कोई बदलाव नहीं होगा। यह न तो सोने की कीमतों में बदलाव है और न ही ज्वेलरी खरीदने पर लगाया गया कोई नया टैक्स। इसका मकसद सिर्फ ज्यादा से ज्यादा जिलों में ग्राहकों को हॉलमार्किंग की सुविधा और सुरक्षा देना है। इससे छोटे शहरों और क्षेत्रीय बाजारों में भी सोने की शुद्धता की जांच और प्रमाणन की व्यवस्था मजबूत होगी।

लेखकों के बारे में

Upstox
Upstox Hindi News Desk पत्रकारों की एक टीम है जो शेयर बाजारों, अर्थव्यवस्था, वस्तुओं, नवीनतम व्यावसायिक रुझानों और व्यक्तिगत वित्त को उत्साहपूर्वक कवर करती है।

अगला लेख

End of additional stories