return to news
  1. 11 साल बाद कंपनी ने ऐसा क्या तोहफा दिया 8% उछल गए टेक महिंद्रा के शेयर, यहां समझें पूरी स्टोरी

मार्केट न्यूज़

11 साल बाद कंपनी ने ऐसा क्या तोहफा दिया 8% उछल गए टेक महिंद्रा के शेयर, यहां समझें पूरी स्टोरी

विकास तिवारी

3 min read | अपडेटेड October 16, 2026, 12:23 IST

सारांश

टेक महिंद्रा के शेयरों में शुक्रवार को 8% तक का उछाल आया और यह 1,789 रुपये पर पहुंच गया। पिछले पांच दिनों में शेयर 22% चढ़ चुका है। कंपनी के शानदार नतीजों और 11 साल बाद 1 पर 1 बोनस शेयर के ऐलान से निवेशकों में भारी उत्साह है।

शेयर सूची

tech-mahindra-share-price-surge-q2-results

टेक महिंद्रा के मजबूत तिमाही नतीजों और बोनस शेयर के ऐलान के बाद शेयरों में जबर्दस्त तेजी देखने को मिली।

भारतीय शेयर बाजार में 16 अक्टूबर के शुरुआती कारोबार में टेक महिंद्रा के शेयरों में जबर्दस्त तेजी देखने को मिली। NSE पर कंपनी के शेयर 8% तक उछलकर 1,789 रुपये के स्तर पर पहुंच गए। इस बढ़त के साथ यह शेयर पिछले पांच कारोबारी सेशन में 22% से ज्यादा चढ़ चुका है। शेयरों में आई इस जबर्दस्त तेजी के पीछे कंपनी के शानदार तिमाही नतीजे, 11 साल बाद बोनस शेयर का बड़ा ऐलान और आईटी सेक्टर में लौटी जोरदार लिवाली है।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

11 साल बाद 1 पर 1 बोनस शेयर का बड़ा तोहफा

कंपनी अपनी 40वीं सालगिरह मना रही है और इस खास मौके पर बोर्ड ने 1:1 के अनुपात में बोनस शेयर जारी करने की सिफारिश की है। इसके तहत निवेशकों को हर एक शेयर पर एक बोनस शेयर मुफ्त मिलेगा। फाइलिंग के अनुसार ये बोनस शेयर 15 दिसंबर तक निवेशकों के खातों में क्रेडिट होने की उम्मीद है। टेक महिंद्रा ने 11 साल बाद यह बोनस जारी किया है। इससे पहले कंपनी ने मार्च 2015 में 1:1 के अनुपात में बोनस शेयर दिया था।

मजबूत नतीजे और एंटी-AI ट्रेड का मिला सपोर्ट

पूरे आईटी सेक्टर में टीसीएस, एचसीएलटेक, टाटा एलेक्सी, टाटा टेक्नोलॉजीज और विप्रो जैसी कंपनियों के मजबूत नतीजों और बड़ी डील्स से माहौल काफी पॉजिटिव बना हुआ है। वैश्विक चुनौतियों के बावजूद मैनेजमेंट ने ग्रोथ को लेकर भरोसा जताया है। वहीं विदेशी बाजारों में AI शेयरों में भारी बिकवाली से भी भारतीय कंपनियों को मदद मिली है। ब्रॉडकॉम के सीईओ द्वारा AI खर्च की तुलना कैसीनो से करने और फंडिंग पर चिंता जताने के बाद निवेशक विदेशी चिपमेकर्स से पैसा निकालकर भारतीय आईटी कंपनियों में लगा रहे हैं, जिसे एंटी-AI ट्रेड कहा जा रहा है।

सिटी और CLSA का क्या है कहना

उम्मीद से बेहतर दूसरी तिमाही के नतीजों पर सिटी ने कहा कि कंपनी की रेवेन्यू ग्रोथ 2.4% रही, जो 1.7% के अनुमान से बेहतर है। कंपनी का ईबीआईटी मार्जिन 14.8% रहा। हालांकि सिटी का कहना है कि यह शेयर अपने साथियों के मुकाबले 10 से 35% प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा है। वहीं CLSA के अनुसार कंपनी ने रेवेन्यू, ईबीआईटी और नेट प्रॉफिट में अनुमान से बेहतर प्रदर्शन किया है। बिना किसी बड़ी डील के भी इसकी ऑर्डर बुक 25% बढ़ी है और कंपनी वित्त वर्ष 2027 में 15% ईबीआईटी मार्जिन हासिल करने के लक्ष्य पर कायम है।

HSBC, नोमुरा और जेफरीज का नजरिया

HSBC का मानना है कि टेक महिंद्रा टॉप आठ कंपनियों में सबसे तेज ग्रोथ दिखा रही है और सही वैल्यूएशन पर उपलब्ध है। वहीं नोमुरा ने कहा कि कंपनी के तीन साल के लक्ष्य पूरे हो चुके हैं और शेयर वित्त वर्ष 2028 के 91.2 रुपये अनुमानित EPS के 18.1 गुना पर ट्रेड कर रहा है। इसके अलावा जेफरीज ने भी कंपनी के फ्यूचर ग्रोथ आउटलुक को बेहतर बताते हुए वित्त वर्ष 2027 से 2029 के लिए EPS अनुमानों में 4 से 6% की बढ़ोतरी की है। जेफरीज का अनुमान है कि इस दौरान रेवेन्यू और EPS में 6% और 12% की सालाना ग्रोथ देखने को मिल सकती है।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

लेखकों के बारे में

विकास तिवारी
Vikash Tiwary is a finance journalist with 6+ years of newsroom experience. He is currently growing Upstox Hindi, crafting data-driven stories on stocks, personal finance, mutual funds, and global markets, while exploring how AI can simplify finance. His work spans Zee Business, TV9 Bharatvarsh, ABP News, India TV, and Inshorts. He also holds NISM certification.

अगला लेख