return to news
  1. Tata Motors के शेयर आज अचानक 40% क्यों टूट गए? समझिए क्या है मामला

मार्केट न्यूज़

Tata Motors के शेयर आज अचानक 40% क्यों टूट गए? समझिए क्या है मामला

Shubham Singh Thakur

3 min read | अपडेटेड October 14, 2025, 10:30 IST

Twitter Page
Linkedin Page
Whatsapp Page

सारांश

Tata Motors Demerger: टाटा मोटर्स का यह डिमर्जर लंबे समय से चर्चा में था और अब यह पूरी तरह से अमल में आ गया है। अब कंपनी दो अलग-अलग एंटिटी में बंट रही है, जिसमें पहली होगी Tata Motors Passenger & EV Business, और दूसरी होगी Tata Motors CV Business।

शेयर सूची

Tata Motors Demerger

Tata Motors Demerger: कंपनी ने बताया है कि डीमर्जर के लिए शेयर स्वैप रेशियो 1:1 होगा।

Tata Motors Demerger: देश की दिग्गज कार कंपनी टाटा मोटर्स का डीमर्जर हो रहा है। इस बीच आज कंपनी के शेयरों में करीब 40 फीसदी की गिरावट नजर आ रही है। दरअसल, आज 14 अक्टूबर को कंपनी के कमर्शियल व्हीकल (CV) बिजनेस के डीमर्जर के लिए रिकॉर्ड डेट है। डीमर्जर के बीच प्राइस एडजस्टमेंट के चलते इसके शेयरों में भारी गिरावट नजर आ रही है। इसके शेयर आज स्पेशल प्री-ओपन सेशन के बाद 399 रुपये प्रति शेयर के भाव पर खुले हैं।
Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

टाटा मोटर्स लिमिटेड का शेयर अब अपने कमर्शियल व्हीकल (CV) बिजनेस के बिना ट्रेड कर रहा है। कंपनी ने अपने CV बिजनेस को अलग करने का फैसला लिया था, जिसे नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल (NCLT) से मंजूरी मिल चुकी है। टाटा मोटर्स का यह डिमर्जर लंबे समय से चर्चा में था और अब यह पूरी तरह से अमल में आ गया है। अब कंपनी दो अलग-अलग एंटिटी में बंट रही है, जिसमें पहली होगी Tata Motors Passenger & EV Business, और दूसरी होगी Tata Motors CV Business।

शेयर की कीमत कैसे होगी तय?

सीएनबीसी टीवी-18 की रिपोर्ट के मुताबिक आज 14 अक्टूरबर को NSE पर टाटा मोटर्स के लिए एक स्पेशल प्री-ओपनिंग सेशन आयोजित किया गया है, जो सुबह 9 बजे से 10 बजे के बीच है। सोमवार, 13 अक्टूबर को टाटा मोटर्स का जो क्लोजिंग प्राइस था, और मंगलवार सुबह 14 अक्टूबर को स्पेशल प्री-ओपन सेशन में जो नया ओपनिंग प्राइस बनेगा, उन दोनों के अंतर से CV बिजनेस की कीमत का अंदाजा लगाया जाएगा।

रिपोर्ट में कहा गया है कि इंडेक्स के लिहाज से टाटा मोटर्स का CV बिजनेस फिलहाल NSE और BSE के सभी इंडेक्स में एक निश्चित कीमत पर बनाए रखा जाएगा। इसके बाद यह हिस्सा इंडेक्स से हटाया जाएगा, जो लिस्टिंग की तारीख के तीन कारोबारी दिन बाद प्रभावी होगा। अगर शेयर अपर सर्किट में पहुंचता है, तो यह प्रक्रिया दो दिन आगे बढ़ सकती है।

कब होगी CV बिजनेस की लिस्टिंग?

CV बिजनेस की लिस्टिंग की कोई तय तारीख अभी नहीं है, लेकिन कंपनी का कहना है कि यह अगले चार से छह हफ्तों में, यानी मिड-नवंबर तक लिस्ट हो जाएगा। फ्यूचर्स एंड ऑप्शंस (F&O) मार्केट में भी बदलाव हुआ है। पुराने डेरिवेटिव कॉन्ट्रैक्ट्स सोमवार को खत्म हो गए हैं। मंगलवार से नए कॉन्ट्रैक्ट्स शुरू होंगे, जिनकी ट्रेडिंग सुबह 10 बजे से शुरू होगी।

नया CV बिजनेस अभी F&O में शामिल नहीं होगा, क्योंकि किसी भी नए शेयर को F&O में शामिल होने से पहले कम से कम छह महीने की ट्रेडिंग हिस्ट्री चाहिए। अब निवेशकों की नजर इस बात पर है कि आज प्री-ओपन सेशन में शेयर की नई कीमत किस स्तर पर तय होती है।

कितने शेयर मिलेंगे?

कंपनी ने बताया है कि डीमर्जर के लिए शेयर स्वैप रेशियो 1:1 होगा। यानी, अगर आपके पास रिकॉर्ड डेट तक Tata Motors का एक शेयर है, तो आपको नई कमर्शियल व्हीकल कंपनी का एक शेयर मुफ्त में मिलेगा। निवेशकों को इसके लिए कोई अतिरिक्त भुगतान नहीं करना होगा। यह प्रक्रिया ऑटोमेटिक होगी और कुछ समय बाद आपके डीमैट अकाउंट में शेयर दिखने लगेंगे।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

अगला लेख