return to news
  1. Mahanadi Coalfields IPO की लिस्टिंग ने दिया निवेशकों को झटका, कितने डिस्काउंट पर हुए लिस्ट?

मार्केट न्यूज़

Mahanadi Coalfields IPO की लिस्टिंग ने दिया निवेशकों को झटका, कितने डिस्काउंट पर हुए लिस्ट?

Namita Shukla

4 min read | अपडेटेड November 27, 2026, 09:45 IST

सारांश

अप्रैल 1992 में स्थापित, महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड उत्पादन के मामले में भारत की सबसे बड़ी कोयला उत्पादक कंपनी है, जो मुख्य रूप से नॉन-कोकिंग कोयले के खनन और उत्पादन के काम में लगी हुई है। यह कंपनी मुख्य रूप से ओडिशा के तालचेर और इब वैली कोलफील्ड्स में काम करती है।

महानदी कोलफील्ड्स आईपीओ

महानदी कोलफील्ड्स आईपीओ की लिस्टिंग (Photo: Shutterstock)

कोल इंडिया की सहायक कंपनी महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड (MCL) के शेयर आज, 27 नवंबर 2026 को शेयर मार्केट में लिस्ट हो गए हैं। बीएसई पर इसके शेयर 2.10% डिस्काउंट यानी कि 2.85 रुपये के नुकसान के साथ 133.15 रुपये पर लिस्ट हुए हैं, वहीं एनएसई पर इसके शेयर 1.47% डिस्काउंट यानी कि 2 रुपये के नुकसान के साथ 134 रुपये पर लिस्ट हुए हैं। कंपनी का आईपीओ कुल 1.52 गुना सब्सक्राइब हुआ था, जिसमें संस्थागत निवेशकों की मांग सबसे मजबूत रही। कंपनी की लिस्टिंग के साथ-साथ एक नजर डालते हैं, इस आईपीओ से जुड़ी कुछ अहम बातों पर-

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

कैसा रहा सब्सक्रिप्शन?

महानदी कोलफील्ड्स का 8,981.12 करोड़ रुपये का आईपीओ 19 नवंबर से 23 नवंबर 2026 तक सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था। इसका प्राइस बैंड 129 से 136 रुपये प्रति शेयर तय किया गया था। एक लॉट में 110 शेयर थे और ऊपरी प्राइस बैंड पर न्यूनतम निवेश 14,960 रुपये रहा। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के आंकड़ों के मुताबिक, निवेशकों ने लगभग 49.30 करोड़ शेयरों के मुकाबले 74.86 करोड़ शेयरों के लिए बोली लगाई। योग्य संस्थागत खरीदारों (QIB) का हिस्सा 4.95 गुना भरा। गैर-संस्थागत निवेशकों (NII) का कोटा 0.66 गुना और खुदरा निवेशकों का हिस्सा 0.46 गुना सब्सक्राइब हुआ। कर्मचारियों के लिए आरक्षित हिस्सा 0.22 गुना और कोल इंडिया के शेयरधारकों का हिस्सा 0.56 गुना भरा।

फ्यूचर प्लान और निवेशकों के लिए अहम बातें

आईपीओ पूरी तरह ऑफर फॉर सेल (OFS) है। इसमें कोल इंडिया ने अपनी 10% प्रतिशत हिस्सेदारी के बराबर लगभग 66.18 करोड़ शेयर बेचे हैं। इसलिए इश्यू से प्राप्त रकम महानदी कोलफील्ड्स को नहीं, बल्कि खर्चों के बाद कोल इंडिया को मिलेगी। ऊपरी प्राइस बैंड पर कंपनी का मूल्यांकन करीब 90,010 करोड़ रुपये रहा। आगे कंपनी के लिए कोयला उत्पादन, बिजली क्षेत्र की मांग और खनन परिचालन महत्वपूर्ण रहेंगे। निवेशकों को उत्पादन वृद्धि, लागत, मुनाफे और स्वच्छ ऊर्जा की ओर बढ़ते बदलाव पर नजर रखनी चाहिए। आईपीओ से कंपनी को सीधे नई पूंजी नहीं मिल रही है, इसलिए इसे विस्तार के लिए जुटाई गई नई रकम समझना उचित नहीं होगा।

महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड के बारे में

अप्रैल 1992 में स्थापित, महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड उत्पादन के मामले में भारत की सबसे बड़ी कोयला उत्पादक कंपनी है, जो मुख्य रूप से नॉन-कोकिंग कोयले के खनन और उत्पादन के काम में लगी हुई है। यह कंपनी मुख्य रूप से ओडिशा के तालचेर और इब वैली कोलफील्ड्स में काम करती है और विभिन्न ग्रेड के कोयले का उत्पादन करती है, जिसमें धुला हुआ और परिष्कृत कोयला भी शामिल है। कंपनी मुख्य रूप से बिजली क्षेत्र के साथ-साथ सीमेंट, स्पंज आयरन, स्टील, एल्युमिनियम और कागज जैसे उद्योगों को कोयले की आपूर्ति करती है। यह कंपनी कोल इंडिया लिमिटेड की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी है। इसकी स्थापना कोयला उत्पादन बढ़ाने और भारत की बढ़ती ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए की गई थी। इसके कामकाज में ओपनकास्ट (खुली खदानों) और भूमिगत खदानों का एक नेटवर्क शामिल है।

इसे सहारा देने के लिए कोयला हैंडलिंग प्लांट, रैपिड लोडिंग सिस्टम, साइलो (कोयला भंडारण टैंक) और कोयला निकासी का बुनियादी ढांचा मौजूद है। 30 जून 2026 तक, कंपनी 17 खदानें चला रही थी, जिनमें 14 ओपनकास्ट खदानें और 3 भूमिगत खदानें शामिल हैं। महानदी कोलफील्ड्स एक अत्यधिक मशीनीकृत खनन मॉडल का पालन करती है। इसमें 'सरफेस माइनर्स' (सतह से कोयला निकालने वाली मशीनें) का बड़े पैमाने पर उपयोग किया जाता है, जिससे कोयला कुशलतापूर्वक निकाला जा सकता है। साथ ही, इससे विस्फोटकों का इस्तेमाल, जमीन में कंपन, धूल और शोर भी कम होता है। कंपनी का मुख्य रूप से ओपनकास्ट खनन करना, मशीनों का उपयोग और रणनीतिक स्थान, कुशल उत्पादन और लागत प्रबंधन में मददगार साबित हुए हैं।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

लेखकों के बारे में

Namita Shukla
Namita Shukla is a seasoned journalist with over 15 years of experience in Hindi media. She has worked with some of the most reputed news organizations, including Navbharat Times, Dainik Jagran, Aaj Tak, and Hindustan Times Hindi. Throughout her career, Namita has reported on a wide range of beats such as national affairs, sports, business, and entertainment, bringing clarity and depth to her reporting. In addition to her journalistic work, she is a certified fact-checker by both Google and Meta, underscoring her commitment to accuracy and ethical journalism in the digital age.

अगला लेख

End of additional stories