return to news
  1. किसने दिया सबसे बड़ा बजट भाषण, किसने सबसे कम समय में निपटाया? Budget से जुड़े कुछ रोचक FAQs

बिजनेस न्यूज़

किसने दिया सबसे बड़ा बजट भाषण, किसने सबसे कम समय में निपटाया? Budget से जुड़े कुछ रोचक FAQs

Upstox

3 min read | अपडेटेड January 27, 2026, 20:06 IST

Twitter Page
Linkedin Page
Whatsapp Page

सारांश

ग्लोबल अनिश्चितताओं के बीच यह बजट बहुत अहम माना जा रहा है। बजट से जुड़े कुछ रोचक FAQs आपको इस लेख में जानने को मिलेंगे। इस बजट को पेश करते ही सीतारमण पूर्व प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई द्वारा अलग-अलग टाइम पीरियड में पेश किए गए 10 बजटों के रिकॉर्ड के करीब पहुंच जाएंगी।

बजट 2026

बजट 2026 से जुड़े FAQs

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 1 फरवरी को केंद्रीय बजट 2026 पेश करने वाली हैं। सीतारमण लगातार 9वीं बार बजट पेश करके नया रिकॉर्ड बनाएंगी। ग्लोबल अनिश्चितताओं के बीच यह बजट बहुत अहम माना जा रहा है। बजट से जुड़े कुछ रोचक FAQs आपको इस लेख में जानने को मिलेंगे। इस बजट को पेश करते ही सीतारमण पूर्व प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई द्वारा अलग-अलग टाइम पीरियड में पेश किए गए 10 बजटों के रिकॉर्ड के करीब पहुंच जाएंगी। देसाई ने 1959-1964 के दौरान वित्त मंत्री के रूप में कुल छह बजट और 1967-1969 के बीच चार बजट पेश किए थे। पूर्व वित्त मंत्रियों पी चिदंबरम और प्रणब मुखर्जी ने अलग-अलग प्रधानमंत्रियों के कार्यकाल में क्रम से नौ और आठ बजट पेश किए थे।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now
रोचक FAQs
किसने पेश किया है लगातार सबसे ज्यादा बजट?

लगातार सबसे अधिक बजट पेश करने का रिकॉर्ड सीतारमण के नाम है । इस साल वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लगातार नौ बजट पेश करने का रिकॉर्ड बनाएंगी।

भारत की पहली पूर्णकालिक महिला वित्तमंत्री कौन हैं?

प्रधानमंत्री मोदी ने 2019 में दूसरी बार सत्ता में आने पर सीतारमण को भारत की पहली पूर्णकालिक महिला वित्त मंत्री बनाया था। इसके बाद 2024 में तीसरी बार मोदी सरकार के सत्ता में आने के बाद वित्त मंत्रालय उनके पास ही रहा।

निर्मला सीतारमण ने अब तक कितने बजट पेश किए हैं?

अब तक सीतारमण ने फरवरी 2024 के अंतरिम बजट सहित कुल आठ लगातार बजट पेश किए हैं।

स्वतंत्र भारत का पहला बजट कब पेश किया गया था?

स्वतंत्र भारत का पहला आम बजट 26 नवंबर, 1947 को देश के पहले वित्त मंत्री आर के शनमुखम चेट्टी ने पेश किया था।

सबसे ज्यादा बजट किसने पेश किया है?

पूर्व प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई के नाम सबसे अधिक बजट पेश करने का रिकॉर्ड है। उन्होंने प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और बाद में प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के कार्यकाल में वित्त मंत्री के रूप में कुल 10 बजट पेश किए।

सबसे लंबा बजट भाषण देने का रिकॉर्ड किसके नाम दर्ज है?

सबसे लंबे बजट भाषण का रिकॉर्ड सीतारमण के नाम है। उनका 1 फरवरी, 2020 का बजट भाषण 2 घंटे और 40 मिनट तक चला था। उस समय, उन्होंने दो पेज बाकी रहते हुए ही अपना भाषण समाप्त कर दिया था।

सबसे छोटा बजट भाषण किसने पेश किया था?

हिरूभाई मुल्जीभाई पटेल का 1977 का अंतरिम बजट भाषण अब तक का सबसे छोटा भाषण है, जो केवल 800 शब्दों का था।

बजट के समय को लेकर पुरानी प्रथा क्या है?

परंपरा के अनुसार बजट फरवरी के आखिरी दिन शाम 5 बजे पेश किया जाता था। यह समय औपनिवेशिक काल की प्रथा के अनुरूप था, ताकि घोषणाएं लंदन और भारत में एक ही समय पर की जा सकें।

बजट पेश करने के समय में बदलाव कब किया गया?

इस समय को 1999 में अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में तत्कालीन वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा ने बदलकर सुबह 11 बजे कर दिया। तब से बजट सुबह 11 बजे पेश किए जाते हैं।

बजट पेश करने की तारीख को लेकर क्या इतिहास है?

बजट पेश करने की तारीख 2017 में बदलकर 1 फरवरी कर दी गई थी। ऐसा इसलिए किया गया, ताकि सरकार मार्च के अंत तक संसदीय मंजूरी की प्रक्रिया पूरी कर सके और 1 अप्रैल से वित्त वर्ष की शुरुआत के साथ बजट लागू हो जाए।

भाषा इनपुट के साथ
मार्केट में हलचल?
स्मार्ट टूल्स के साथ आगे बढ़ें
promotion image

लेखकों के बारे में

Upstox
Upstox Hindi News Desk पत्रकारों की एक टीम है जो शेयर बाजारों, अर्थव्यवस्था, वस्तुओं, नवीनतम व्यावसायिक रुझानों और व्यक्तिगत वित्त को उत्साहपूर्वक कवर करती है।

अगला लेख