बिजनेस न्यूज़
.png)
4 min read | अपडेटेड January 20, 2026, 09:18 IST
सारांश
Gold-Silver Price Today: अमेरिका और यूरोप के बीच ट्रेड वॉर की आहट ने सोने और चांदी की कीमतों को रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा दिया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में तनाव बढ़ने से भारतीय बाजार (MCX) में सोना 1.45 लाख रुपये और चांदी 3.10 लाख रुपये प्रति किलो के ऐतिहासिक स्तर को पार कर गई है।

वैश्विक तनाव के बीच सोने और चांदी की कीमतों ने तोड़े पिछले सभी रिकॉर्ड।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और अमेरिका-यूरोप के बीच संभावित ट्रेड वॉर की आशंका ने कीमती धातुओं की कीमतों में आग लगा दी है। आज 20 जनवरी की सुबह सोने और चांदी दोनों के दाम बढ़े हुए नजर आ रहे हैं। सोने की बात करें तो 10 ग्राम सोने का भाव 146210 रुपये पर पहुंच गया है, जिसमें 571 रुपये यानी 0.39 प्रतिशत की बढ़त देखी गई है। आज दिन भर में सोने ने 145500 रुपये का कम से कम और 146567 रुपये का ज्यादा से ज्यादा दाम देखा है, जो इसका अब तक का सबसे उच्चतम स्तर भी है। वहीं चांदी भी पीछे नहीं है, एक किलो चांदी की कीमत 1325 रुपये यानी 0.43 प्रतिशत चढ़कर 311600 रुपये हो गई है। आज चांदी ने 306499 रुपये के निचले स्तर से शुरुआत करके 313896 रुपये का अपना नया लाइफटाइम हाई बनाया है।
19 जनवरी को भारतीय वायदा बाजार (MCX) के साथ-साथ वैश्विक बाजारों में भी सोने और चांदी की कीमतों ने अपने पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ग्रीनलैंड पर संप्रभुता को लेकर यूरोपीय देशों को दी गई टैरिफ की धमकी ने निवेशकों के बीच डर का माहौल पैदा कर दिया है। इसी डर की वजह से लोग शेयर बाजार जैसे जोखिम भरे विकल्पों को छोड़कर सोने और चांदी जैसे सुरक्षित ठिकानों में निवेश कर रहे हैं, जिससे कीमतों में यह अभूतपूर्व उछाल आया है।
घरेलू बाजार में MCX पर सोने की कीमतों में सोमवार को जबरदस्त तेजी देखी गई। सोने का भाव 3,240 रुपये यानी लगभग 2.27 फीसदी उछलकर 1,45,757 रुपये प्रति 10 ग्राम के नए शिखर पर पहुंच गया। कारोबार के दौरान एक समय यह 1,45,770 रुपये के लेवल तक भी गया था। वहीं चांदी की बात करें तो इसमें आई तेजी ने सबको हैरान कर दिया है। MCX पर चांदी की कीमत 22,389 रुपये या 7.78 फीसदी की भारी बढ़त के साथ 3,10,151 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई। चांदी ने सत्र के दौरान 3,10,944 रुपये का लाइफ-टाइम हाई लेवल छुआ। चांदी की कीमतों में पिछले सात कारोबारी सेशन में ही करीब 60,876 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी हो चुकी है।
ट्रंप की टैरिफ धमकी से बढ़ा तनाव
सोने और चांदी की कीमतों में इस अचानक आई तेजी का मुख्य कारण अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का वह बयान है जिसमें उन्होंने ग्रीनलैंड को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। ट्रंप ने घोषणा की है कि अगर ग्रीनलैंड की खरीद को लेकर कोई समझौता नहीं होता है, तो वे 1 फरवरी से डेनमार्क, नॉर्वे, स्वीडन, फ्रांस, जर्मनी, ब्रिटेन, नीदरलैंड और फिनलैंड जैसे आठ यूरोपीय देशों से आने वाले सामानों पर 10 फीसदी टैरिफ लगा देंगे। इतना ही नहीं, उन्होंने इस टैक्स को जून तक बढ़ाकर 25 फीसदी करने की चेतावनी भी दी है। ट्रंप के इस कदम से यूरोप के देशों में काफी नाराजगी है और वे भी जवाबी कार्रवाई करने की तैयारी कर रहे हैं, जिससे वैश्विक ट्रेड वॉर का खतरा और गहरा गया है।
कीमती धातुओं में तेजी का यह सिलसिला कोई नया नहीं है, लेकिन 2026 की शुरुआत में इसने विकराल रूप ले लिया है। साल 2025 में भी सोने और चांदी की कीमतों में 170 फीसदी तक की तेजी देखी गई थी। इस तेजी के पीछे सप्लाई की कमी, सुरक्षित निवेश की मांग और वैश्विक तनाव जैसे कई कारण रहे हैं। चांदी की कीमतों का सफर तो बेहद चौंकाने वाला रहा है। इसे एक लाख रुपये से दो लाख रुपये तक पहुंचने में नौ महीने से भी कम का समय लगा था, लेकिन दो लाख से तीन लाख रुपये तक का सफर इसने महज सात हफ्तों के भीतर ही तय कर लिया है।
बता दें कि इस समय दुनिया भर के बाजारों में अनिश्चितता का माहौल है। वेनेजुएला के नेता की गिरफ्तारी और ईरान में जारी हिंसक विरोध प्रदर्शनों के बीच ट्रंप के नए टैरिफ प्रस्तावों ने आग में घी डालने का काम किया है। जब भी दुनिया में इस तरह का तनाव बढ़ता है, तो डॉलर और शेयर बाजार की तुलना में सोने और चांदी को सबसे सुरक्षित निवेश माना जाता है। निवेशकों को डर है कि अगर अमेरिका और यूरोप के बीच व्यापार समझौता रद्द होता है, तो इसका असर वैश्विक अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा। यही कारण है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर सोना 4,671 डॉलर प्रति औंस और चांदी 93.53 डॉलर प्रति औंस के करीब कारोबार कर रहे हैं, जो उनके अब तक के सबसे ऊंचे लेवलों के करीब है।
संबंधित समाचार
इसको साइनअप करने का मतलब है कि आप Upstox की नियम और शर्तें मान रहे हैं।
लेखकों के बारे में
.png)
अगला लेख
इसको साइनअप करने का मतलब है कि आप Upstox की नियम और शर्तें मान रहे हैं।