return to news
  1. 8th Pay Commission: बेस ईयर बदलने की तैयारी में सरकार! अगर ऐसा हुआ तो क्या बदलेगा?

पर्सनल फाइनेंस

8th Pay Commission: बेस ईयर बदलने की तैयारी में सरकार! अगर ऐसा हुआ तो क्या बदलेगा?

Upstox

3 min read | अपडेटेड September 10, 2025, 15:13 IST

Twitter Page
Linkedin Page
Whatsapp Page

सारांश

सरकार 8वें वेतन आयोग में महंगाई भत्ते (DA) की गणना का बेस ईयर बदल सकती है। अभी 2016 बेस ईयर है, जिसे 2026 करने का प्रस्ताव है। इसका सीधा फायदा केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनधारकों को मिलेगा, क्योंकि नए बेस पर DA फिर से जीरो से गिना जाएगा।

8वां वेतन आयोग

क्या बेस ईयर बदलने की तैयारी में है सरकार?

8वें वेतन आयोग को लेकर एक अहम अपडेट सामने आ रही है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो सरकार महंगाई भत्ते (DA) की गणना के नियमों में बदलाव पर विचार कर रही है। मौजूदा समय में DA की गणना 2016 के बेस ईयर पर होती है, लेकिन जब 8वां वेतन आयोग 1 जनवरी 2026 से लागू होगा, तो सरकार इसका बेस ईयर बदलकर 2026 करने की तैयारी कर रही है।

पहले समझिए बेस ईयर का मतलब

महंगाई भत्ते की गणना AICPI IW (कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स फॉर इंडस्ट्रियल वर्कर्स) के आंकड़ों के आधार पर होती है। इसमें एक बेस ईयर तय किया जाता है, जिसे मानक मानकर महंगाई का आकलन किया जाता है। बेस ईयर बदलना किसी गेम का स्कोर रीसेट करने जैसा है। जैसे ही नया बेस ईयर तय होता है, DA की गिनती फिर से जीरो से शुरू हो जाएगी।

मौजूदा सिस्टम में क्या हैं प्रावधान?

7वें वेतन आयोग के दौरान DA का बेस ईयर 2016 तय किया गया था। उस समय 125 प्रतिशत DA को बेसिक सैलरी में मर्ज कर दिया गया था और नई गणना जीरो से शुरू हुई थी। अब 8वें वेतन आयोग में अनुमान है कि करीब 60 से 61 प्रतिशत DA बेसिक सैलरी में जोड़ा जाएगा और फिर से DA शून्य से गिना जाएगा।

क्यों जरूरी है बेस ईयर बदलना?

पिछले एक दशक में महंगाई का स्वरूप और लोगों की जरूरतें बदल चुकी हैं। 2016 में जिन चीजों को खर्च का आधार माना गया था, आज की परिस्थितियां उनसे काफी अलग हैं। आज लोग डिजिटल सेवाओं, हेल्थकेयर और नई टेक्नोलॉजी पर ज्यादा खर्च करते हैं। इसलिए महंगाई का सही आकलन करने और कर्मचारियों को वास्तविक लाभ देने के लिए बेस ईयर को अपडेट करना जरूरी है।

7वें और 8वें वेतन आयोग में क्या है अंतर?

अगर तुलना करें तो 7वें आयोग में बेस ईयर 2016 था, जबकि 8वें आयोग में इसे 2026 किए जाने की संभावना है। 7वें आयोग में 125 प्रतिशत DA को बेसिक में मर्ज किया गया था, जबकि इस बार अनुमान है कि करीब 60 से 61 प्रतिशत DA मर्ज होगा। हर बार की तरह DA शून्य से शुरू होगा, लेकिन इस बार कर्मचारियों की बेसिक सैलरी और ज्यादा बढ़ेगी। इसका असर कुल वेतन और पेंशन पर भी दिखेगा।

देशभर के 1 करोड़ से ज्यादा केंद्रीय कर्मचारी और पेंशनधारक 8वें वेतन आयोग को लेकर उम्मीद लगाए बैठे हैं। भले ही प्रक्रिया में देरी हो रही है, लेकिन अगर बेस ईयर बदलकर 2026 कर दिया गया तो इसका सीधा फायदा इन्हें मिलेगा। इससे न सिर्फ बेसिक सैलरी में बढ़ोतरी होगी, बल्कि कुल वेतन में भी बड़ा उछाल आएगा।

ELSS
2025 के लिए पाएं बेस्ट टैक्स बचाने वाले फंड्स एक्सप्लोर करें ELSS
promotion image

लेखकों के बारे में

Upstox
Upstox Hindi News Desk पत्रकारों की एक टीम है जो शेयर बाजारों, अर्थव्यवस्था, वस्तुओं, नवीनतम व्यावसायिक रुझानों और व्यक्तिगत वित्त को उत्साहपूर्वक कवर करती है।