मार्केट न्यूज़
4 min read | अपडेटेड March 19, 2025, 09:45 IST
सारांश
Gold-Silver Price Today (March 19): सोने के भाव मंगलवार को अब तक के सबसे उच्चस्तर पर जा पहुंचे। सोना जहां ₹90 हजार के पार निकल गया था, वहीं चांदी भी ₹1 लाख के स्तर को छू निकली। बुधवार को भी दोनों के भावों में तेजी देखी गई है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जारी तनावपूर्ण हालात के कारण सोने में निवेशकों को भरोसेमंद विकल्प नजर आ रहा है।
सोने के भाव रेकॉर्डतोड़ स्तर ₹91 हजार पर जा पहुंचे जबकि एक किलो चांदी एक लाख के ऊपर ट्रेड करने लगी।
सोने की कीमतों ने पिछले कुछ वक्त में जोरदार उछाल मारी है। सभी रेकॉर्ड तोड़ते हुए सोने के भाव मंगलवार शाम को कारोबार बंद होने तक ₹90,000/10 ग्राम के पार पहुंच गए। घरेलू बाजार में सोने की मांग में रफ्तार बरकरार है। वहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बने तनावपूर्ण हालात के बीच निवेशकों को सोने में भरोसा नजर आ रहा है।
विदेशों में मजबूत ट्रेंड्स के बीच स्टॉकिस्टों और खुदरा विक्रेताओं के बीच डिमांड से मंगलवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने की कीमत करीब ₹500 की तेजी के साथ ₹91,250/10 ग्राम के नए रेकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई।
अखिल भाारतीय सर्राफा संघ के मुताबिक मंगलवार को 99.9% शुद्धता वाली इस बहुमूल्य धातु की कीमत ₹1,300 की तेजी के साथ ₹90,750/10 ग्राम के नए स्तर पर पहुंची थी। वहीं, 99.5% शुद्धता वाला सोना ₹450 बढ़कर ₹90,800/10 ग्राम के अब तक के सबसे ऊपरी स्तर पर जा पहुंचा जो इससे पहले सोमवार को ₹90,350/10 ग्राम पर बंद हुआ था।
अमेरिकी फेडरल पॉलिसी के पहले सोने के भाव बुधवार को भी तेज छलांग मारते दिख रहे हैं। व्यापार नीति पर अनिश्चितता के चलते अंतरराष्ट्रीय बाजार में मंगलवार को सोने की कीमत अपने सबसे ऊपरी स्तर $3,038 प्रति आउंस पर जा पहुंची थी।
भारत के ज्यादातर शहरों में 24K सोने के भाव ₹10 की बढ़त के साथ ₹90,010 प्रति ग्राम पर और 22K सोने के भाव ₹82,510 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गए थे। इसके पहले मंगलवार को सोने की कीमत ने ₹440 प्रति 10 ग्राम की बढ़त के साथ पहली बार ₹90,000 प्रति ग्राम के स्तर को पार किया था। हालांकि, बुधवार को शुरुआती एशियाई कारोबार में स्पॉट गोल्ड 0.05% की गिरावट के साथ $3,032 प्रति आउंस पर पहुंच गया।
भारतीय शहरों की बात करें तो दिल्ली के बाजार में 24K सोना ₹90,150 प्रति 10 ग्राम और 22K सोना ₹82,650 प्रति 10 ग्राम पर था।
शहर | 22K सोना (10 ग्राम) | 24K सोना (10 ग्राम) |
---|---|---|
दिल्ली | ₹82,660 | ₹90,160 |
मुंबई | ₹82,510 | ₹90,010 |
चेन्नई | ₹82,510 | ₹90,010 |
कोलकाता | ₹82,510 | ₹90,010 |
HDFC सिक्यॉरिटीज के सीनियर ऐनलिस्ट- जिंस सौमिल गांधी के मुताबिक अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नीतियों, अमेरिकी मंदी की आशंकाओं और भू-राजनीतिक अनिश्चितता के कारण सुरक्षित निवेश के लिए सोना एक आकर्षक विकल्प बना हुआ है।
इसके अलावा, हाल ही में कमजोर अमेरिकी वृहद आर्थिक आंकड़े के चलते भी उम्मीदों ने तेजी पकड़ी है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व इस साल कई बार ब्याज दरों में कटौती करेगा, जिससे सोने को और समर्थन मिलेगा।
वहीं, एलकेपी सिक्यॉरिटीज के उपाध्यक्ष, शोध विश्लेषक (जिंस और मुद्रा) जतीन त्रिवेदी ने कहा कि पश्चिम एशिया में अस्थिरता, चीन की अतिरिक्त आर्थिक प्रोत्साहन योजनाओं के साथ मिलकर, सोने की सुरक्षित मांग को और बढ़ा रही है।
अबंस फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड के चीफ एग्जिक्युटिव ऑफिसर (सीईओ) चिंतन मेहता का कहना है कि अमेरिकी अर्थव्यवस्था में मंदी की बढ़ती आशंकाओं के कारण सोने की कीमतें रेकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गई हैं। निवेशक आगे की स्पष्टता के लिए फेडरल रिजर्व के नीतिगत फैसले का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
चांदी के भाव भी ₹100 की बढ़त के साथ अब तक के सबसे ऊपरी स्तर ₹1,04,100 प्रति किलो को बुधवार को पार कर गए। ग्लोबल मार्केट में ट्रेंड्स और घरेलू उद्योगों में मांग के चलते यह असर देखा गया।
इसके पहले मंगलवार को चांदी ₹1,100 की उछाल के साथ ₹1,04,000 प्रति किलो पर पहुंच गई थी। बुधवार को शुरुआती एशियाई कारोबार में भी स्पॉट सिल्वर $34.04 प्रति आउंस के भाव पर रहा।
शहर | चाँदी की कीमत (प्रति किलोग्राम) |
---|---|
दिल्ली | ₹1,04,100 |
मुंबई | ₹1,04,100 |
चेन्नई | ₹1,13,100 |
कोलकाता | ₹1,04,100 |
लेखकों के बारे में
अगला लेख