मार्केट न्यूज़
.png)
4 min read | अपडेटेड April 06, 2026, 09:30 IST
सारांश
आज बाजार में कई दिग्गज कंपनियों के लिए बड़ी खबरें हैं। विप्रो को ओलम ग्रुप से एक बड़ा कॉन्ट्रैक्ट मिला है जो इसके फ्यूचर के लिए काफी अहम है। बैंकिंग सेक्टर में एचडीएफसी, कोटक और आईडीबीआई बैंक के अपडेट्स पर नजर रहेगी।

आज इन स्टॉक्स पर रहेगी फोकस
हफ्ते के पहले कारोबारी दिन यानी सोमवार 6 अप्रैल को भारतीय शेयर बाजार में कई बड़े शेयरों पर इनवेस्टर्स की पैनी नजर रहने वाली है। आज बाजार खुलते ही आईटी, बैंकिंग, एफएमसीजी और रियल एस्टेट सेक्टर की कंपनियों में जबरदस्त एक्शन देखने को मिल सकता है। कई दिग्गज कंपनियों ने शनिवार और रविवार को अपने बिजनेस अपडेट और बड़ी डील्स की जानकारी दी है, जिसका सीधा असर आज उनके शेयरों की कीमतों पर पड़ने वाला है।
आईटी सेक्टर की दिग्गज कंपनी विप्रो आज सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाली है। कंपनी ने ओलम ग्रुप के साथ एक बहुत बड़ा रणनीतिक समझौता किया है। यह डील आठ साल के लिए की गई है और इसकी कुल वैल्यू 1 बिलियन डॉलर यानी करीब 8,300 करोड़ रुपये से ज्यादा होने की उम्मीद है। कंपनी ने बताया है कि इसमें 800 मिलियन डॉलर के खर्च की प्रतिबद्धता जताई गई है। इस बड़ी डील के बाद विप्रो के शेयर में आज तेजी देखने को मिल सकती है, क्योंकि यह कंपनी के ऑपरेशनल परफॉर्मेंस और रेवेन्यू के लिए एक बड़ा बूस्ट साबित होगा।
बैंकिंग सेक्टर से भी आज कई बड़ी खबरें आ रही हैं। देश के सबसे बड़े प्राइवेट बैंक, एचडीएफसी बैंक ने मार्च तिमाही में 12 पर्सेट की क्रेडिट ग्रोथ दर्ज की है और इसका कुल कर्ज 29.6 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। बैंक की जमा राशि में भी 14.4 पर्सेट की बढ़ोतरी हुई है। वहीं कोटक महिंद्रा बैंक ने अपने कर्ज में 16.2 पर्सेट और जमा में 14.7 पर्सेट का उछाल देखा है। आईडीबीआई बैंक और एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक ने भी शानदार आंकड़े पेश किए हैं। हालांकि एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक का कासा रेशियो थोड़ा गिरा है, जिस पर इनवेस्टर्स की नजर रहेगी। बंधन बैंक ने भी सालाना आधार पर अपने कर्ज में 12.6 पर्सेट की बढ़त दर्ज की है।
रिटेल सेक्टर की दिग्गज कंपनी एवेन्यू सुपरमार्ट्स यानी डीमार्ट ने मार्च तिमाही के लिए अपने रेवेन्यू के आंकड़े जारी कर दिए हैं। कंपनी का स्टैंडअलोन रेवेन्यू 17,204.50 करोड़ रुपये रहा है और अब इसके कुल स्टोर की संख्या 500 पहुंच गई है। इसके अलावा एफएमसीजी सेक्टर की कंपनियां जैसे मैरिको, डाबर और अदाणी विल्मर ने भी मजबूत डिमांड के बीच अच्छी ग्रोथ दर्ज की है। हालांकि मिडिल ईस्ट में चल रहे युद्ध की वजह से इनवेस्टर्स थोड़े सतर्क हैं, लेकिन कंपनियों को उम्मीद है कि आने वाले समय में उनका नेट प्रॉफिट और मार्जिन बेहतर होगा।
ऊर्जा संकट से निपटने के लिए कोल इंडिया ने इस महीने ऑनलाइन नीलामी के जरिए 25.62 मिलियन टन कोयला देने की योजना बनाई है। मिडिल ईस्ट संकट की वजह से तेल और गैस की सप्लाई में दिक्कत आ रही है, जिससे कोयले की डिमांड बढ़ गई है। दूसरी तरफ हिंदुस्तान कॉपर नवरत्न स्टेटस पाने की कोशिश में जुटी है, जिससे कंपनी के रणनीतिक विकास को नई दिशा मिलेगी। माइनिंग सेक्टर की बड़ी कंपनी वेदांत लिमिटेड ने भी अपने उत्पादन के आंकड़े जारी किए हैं, जिसमें एल्युमीनियम और जिंक के उत्पादन में बढ़त देखी गई है, जबकि तेल और गैस के उत्पादन में 15 पर्सेट की कमी आई है।
रियल एस्टेट सेक्टर से प्रेस्टीज एस्टेट्स ने हैदराबाद में एक बड़े हाउसिंग प्रोजेक्ट की घोषणा की है, जिससे उसे 9,500 करोड़ रुपये से ज्यादा का रेवेन्यू मिलने की उम्मीद है। वहीं शोभा लिमिटेड ने भी अपनी अब तक की सबसे ज्यादा सालाना सेल्स बुकिंग दर्ज की है। ज्वेलरी सेक्टर में सेनको गोल्ड ने शानदार प्रदर्शन का दावा किया है। कंपनी के सीईओ के मुताबिक उनका रेवेन्यू 8,000 करोड़ रुपये को पार करने वाला है, जो पिछले साल के मुकाबले 30 पर्सेट ज्यादा है। कंपनी को उम्मीद है कि इस साल उनका नेट प्रॉफिट करीब दोगुना हो सकता है।
संबंधित समाचार
लेखकों के बारे में
.png)
अगला लेख