return to news
  1. Stock Market Wrap: लाल निशान में डूबा बाजार, सेंसेक्स 961 अंक टूटा, रियल्टी और ऑटो शेयरों में आई भारी बिकवाली

मार्केट न्यूज़

Stock Market Wrap: लाल निशान में डूबा बाजार, सेंसेक्स 961 अंक टूटा, रियल्टी और ऑटो शेयरों में आई भारी बिकवाली

विकास तिवारी

3 min read | अपडेटेड February 27, 2026, 15:34 IST

Twitter Page
Linkedin Page
Whatsapp Page

सारांश

शेयर बाजार में आज जबरदस्त बिकवाली का दबाव बना रहा। रियल्टी और ऑटो सेक्टर सबसे ज्यादा टूटे, जबकि आईटी और मीडिया में हल्की खरीदारी दिखी। ग्लोबल मार्केट में एनवीडिया के शेयरों में गिरावट और घरेलू स्तर पर विदेशी निवेशकों द्वारा की गई भारी बिकवाली ने बाजार का मूड पूरी तरह बिगाड़ दिया।

stock-market-wrap-27-feb-sensex-fall

मार्केट क्लोजिंग के बाद लाल निशान में बंद हुए शेयर बाजार के प्रमुख इंडेक्स।

भारतीय शेयर बाजार में आज हफ्ते के आखिरी दिन जबरदस्त गिरावट देखने को मिली है। सुबह से ही बाजार में कमजोरी के संकेत मिल रहे थे, जो क्लोजिंग होते-होते एक बड़ी गिरावट में बदल गए। शुक्रवार को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 961 अंक यानी 1.17 पर्सेंट गिरकर 81,287 के लेवल पर बंद हुआ। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 50 भी 318 अंक यानी 1.25 पर्सेंट की बड़ी गिरावट के साथ 25,178.10 के स्तर पर पहुंच गया। बाजार में इस गिरावट की मुख्य वजह कमजोर ग्लोबल संकेत, विदेशी निवेशकों की लगातार हो रही बिकवाली और जियो-पॉलिटिकल तनाव को माना जा रहा है।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

सेक्टोरल इंडेक्स का हाल हुआ बेहाल

आज बाजार में बिकवाली इतनी भारी थी कि ज्यादातर सेक्टोरल इंडेक्स लाल निशान में बंद हुए। सबसे बुरा हाल रियल्टी सेक्टर का रहा, जिसमें करीब 2.4 पर्सेंट की गिरावट दर्ज की गई। ऑटो सेक्टर के शेयरों में भी निवेशकों ने जमकर मुनाफावसूली की और यह इंडेक्स 1.9 पर्सेंट तक टूट गया। इसके अलावा मेटल, फार्मा, प्राइवेट बैंक, हेल्थ केयर और एफएमसीजी के इंडेक्स में भी एक पर्सेंट से ज्यादा की बिकवाली देखी गई। हालांकि, इस निराशाजनक माहौल के बीच भी कुछ सेक्टर ऐसे रहे जहां हल्की खरीदारी देखने को मिली। आज आईटी और मीडिया सेक्टर के शेयरों में निवेशकों ने भरोसा जताया और ये सेक्टर हरे निशान में बंद होने में कामयाब रहे।

ग्लोबल मार्केट और एनवीडिया का असर

आज के कारोबार में वैश्विक बाजारों से मिलने वाले संकेतों ने भारतीय बाजार पर सबसे ज्यादा दबाव बनाया। एशिया के प्रमुख बाजारों जैसे दक्षिण कोरिया का कोस्पी, जापान का निक्केई और चीन के बाजार में भी गिरावट देखी गई। अमेरिका में दिग्गज चिप बनाने वाली कंपनी एनवीडिया के नतीजों ने पूरी दुनिया के बाजार का मूड खराब कर दिया है। एनवीडिया के नतीजे भले ही उम्मीद से बेहतर रहे हों और कंपनी ने 78 अरब डॉलर का मजबूत रेवेन्यू गाइडेंस भी दिया हो, लेकिन इसके बावजूद कंपनी के शेयर 5.5 पर्सेंट तक गिर गए। इसका असर यह हुआ कि टेक शेयरों से भरे एशियाई बाजारों में भी डर फैल गया।

विदेशी निवेशकों की बिकवाली ने बिगाड़ा खेल

बाजार में गिरावट की एक और बड़ी वजह विदेशी संस्थागत निवेशकों यानी FII की लगातार हो रही बिकवाली है। गुरुवार को विदेशी निवेशकों ने भारतीय बाजार से 3,465.99 करोड़ रुपये के शेयर बेचे हैं। जब विदेशी निवेशक लगातार अपना पैसा बाहर निकालते हैं, तो इससे घरेलू निवेशकों का भरोसा डगमगाने लगता है। इसके साथ ही आज भारतीय रुपया भी अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 4 पैसे कमजोर होकर 90.95 पर पहुंच गया। एफआईआई की बिकवाली और शेयर बाजार की कमजोरी ने रुपये पर दबाव बनाया, जिससे बाजार का सेंटिमेंट और ज्यादा खराब हो गया। दुनिया के कुछ हिस्सों में चल रहे तनाव ने भी निवेशकों को सतर्क कर दिया है। अमेरिका और ईरान के बीच तेहरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर हो रही बातचीत गुरुवार को बिना किसी नतीजे के खत्म हो गई। इससे मिडिल ईस्ट में तनाव और ज्यादा बढ़ने की आशंका पैदा हो गई है।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)
SIP
टाइमिंग पर भारी पड़ती है निरंतरता
promotion image

लेखकों के बारे में

विकास तिवारी
Vikash Tiwary is a finance journalist with 6+ years of newsroom experience. He is currently growing Upstox Hindi, crafting data-driven stories on stocks, personal finance, mutual funds, and global markets, while exploring how AI can simplify finance. His work spans Zee Business, TV9 Bharatvarsh, ABP News, India TV, and Inshorts. He also holds NISM certification.

अगला लेख