बिजनेस न्यूज़
3 min read | अपडेटेड February 26, 2025, 09:20 IST
सारांश
World's Richest Person: Elon Musk की कंपनी टेस्ला के शेयर्स पिछले कुछ वक्त में काफी घाटा झेल रहे हैं। वहीं, दुनिया के टॉप 10 अमीर व्यक्तियों की लिस्ट में से सिर्फ बेजोस और बफे की संपत्ति बढ़ी है।
अभी भी दुनिया के सबसे अमीर शख्स हैं इलॉन मस्क, लेकिन जेफ बेजोस कमा रहे हैं मुनाफा।
डॉनल्ड ट्रंप के अमेरिका का राष्ट्रपति बनने के बाद माना जा रहा था कि इसका सबसे ज्यादा फायदा उनके करीबी बिजनेसमैन इलॉन मस्क को होगा। ट्रंप की नीतियों के सहारे मस्क का प्रॉफिट बढ़ने की अटकलें लग रही थीं। हालांकि, करीब एक महीने बाद इससे ठीक उलट Tesla और SpaceX के मालिक मस्क की संपत्ति को झटका लगता नजर आया है।
ब्लूमबर्ग की अरबपतियों की लिस्ट (Bloomberg Billionaires Index) की हालिया रैंकिंग के मुताबिक मस्क अभी भी दुनिया के सबसे अमीर इंसान तो हैं, लेकिन उनकी संपत्ति में $22.2 अरब की सेंध लग गई है। यही नहीं, दुनिया के दूसरे सबसे अमीर इंसान ऐमजॉन मालिक जेफ बेजोस की संपत्ति तेजी से ऊपर चढ़ रही है।
दरअसल, जनवरी में Tesla की सेल्स में गिरावट दर्ज की गई थी। यूरोप में भी कंपनी की सेल्स में उतार देखा गया है। इसका नकारात्मक असर कंपनी के स्टॉक्स पर पड़ रहा है। मंगलवार, 25 फरवरी को ही कंपनी के शेयर्स 8% से ज्यादा नीचे लुढ़क गए। इससे पहली बार कंपनी का मार्केट कैपिटलाइजेशन $1 ट्रिलियन डॉलर से कम रह गया।
ब्लूमबर्ग की इंडेक्स के मुताबिक सबसे अमीर इंसान मस्क की कुल संपत्ति $22.2 अरब की गिरावट के बाद $358 अरब रह गई है। वहीं, दूसरे नंबर पर खड़े जेफ बेजोस की संपत्ति में इससे उलट 6.87 मिलियन की इजाफा हुआ है और यह अब $233 अरब पर पहुंच गई है।
मस्क की कंपनी टेस्ला हाल ही में भारत में चर्चा में रही है। कंपनी ने मुंबई और दिल्ली लोकेशन के लिए कई पदों पर वकेंसी निकाली है और इसके लिए हायरिंग शुरू हो गई है। माना जा रहा है कि कंपनी जर्मनी से आयात किए गए Model Y के साथ भारत की बाजार में एंट्री कर सकती है।
दुनिया के 10 सबसे अमीर लोगों में से बेजोस के अलावा सिर्फ वॉरेन बफे की कुल संपत्ति बढ़ी है। यह $470 मिलियन के इजाफे के साथ $156 अरब पर पहुंच गई है। वहीं, तीसरे नंबर पर मौजूद मेटा के मालिक मार्क जकरबर्ग की दौलत में $3.67 अरब की गिरावट आई है और यह $232 अरब है।
दुनिया के 25 सबसे अमीर लोगों की लिस्ट में शामिल दो भारतीय व्यापारियों- रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी और अडानी ग्रुप के मालिक गौतम अडानी की संपत्ति में भी बदलाव देखने को मिला है।
ब्लूमबर्ग की लिस्ट में 17वें नंबर पर काबिज देश के सबसे अमीर शख्स मुकेश अंबानी को $1.25 अरब का घाटा झेलना पड़ा है। उनकी संपत्ति अब $84.9 अरब रह गई है। वहीं, इससे उलट 22वें स्थान पर काबिज गौतम अडानी की संपत्ति में $866 मिलियन का इजाफा हुआ है और यह अब $65.4 अरब पर जा पहुंची है।
लेखकों के बारे में
अगला लेख