return to news
  1. Gold-Silver Price Today: एक बार फिर रिकॉर्ड हाई पर सोना, चांदी का भाव भी उछला, यहां चेक करें आपके शहर का रेट

बिजनेस न्यूज़

Gold-Silver Price Today: एक बार फिर रिकॉर्ड हाई पर सोना, चांदी का भाव भी उछला, यहां चेक करें आपके शहर का रेट

Shubham Singh Thakur

3 min read | अपडेटेड December 22, 2025, 08:47 IST

Twitter Page
Linkedin Page
Whatsapp Page

सारांश

Gold-Silver Price: सोना एक पारंपरिक सेफ-हेवन यानी सुरक्षित निवेश माना जाता है। साल 2025 में अब तक इसकी कीमत करीब 67% बढ़ चुकी है। इस तेजी के पीछे भू-राजनीतिक और व्यापारिक तनाव, सेंट्रल बैंकों की मजबूत खरीद और अगले साल ब्याज दरें कम होने की उम्मीद अहम कारण रहे हैं।

Gold-Silver Price

Gold-Silver Price: सोने में तेजी की बड़ी वजह अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा आगे भी ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद है।

Gold-Silver Price Today: सोने और चांदी की कीमतों में तेजी का सिलसिला जारी है। आज सोमवार को इंटरनेशनल मार्केट में सोने की कीमत करीब 0.75 फीसदी बढ़कर रिकॉर्ड स्तर $4387.02 प्रति औंस पर पहुंच गई। दूसरी तरफ चांदी की कीमतों में आज जबरदस्त रैली है। इंटरनेशनल मार्केट में सिल्वर आज 2.30 फीसदी बढ़कर 68.84 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया।
Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

इसमें तेजी की बड़ी वजह अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा आगे भी ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद है। पिछले हफ्ते फेड ने 0.25% की कटौती की थी, जिससे बाजार को और राहत मिली। इसके अलावा सुरक्षित निवेश की मांग और डॉलर की कमजोरी ने भी सोने को सपोर्ट दिया।

घरेलू बाजार में आज क्या है सोने-चांदी का भाव

भारतीय घरेलू बाजार में सोमवार सुबह के कारोबार में 24 कैरेट सोने की कीमत ₹10 घट गई। गुडरिटर्न्स वेबसाइट के मुताबिक 10 ग्राम 24 कैरेट सोना ₹1,34,170 पर ट्रेड कर रहा था। 22 कैरेट सोने की कीमत भी ₹10 घटी है। अब 10 ग्राम 22 कैरेट सोना ₹1,22,990 में मिल रहा है। वहीं, चांदी की कीमत में भी ₹100 की गिरावट आई और 1 किलो चांदी ₹2,13,900 में बिक रही थी।

सालभर में 67% बढ़ा सोने का भाव

सोना एक पारंपरिक सेफ-हेवन यानी सुरक्षित निवेश माना जाता है। साल 2025 में अब तक इसकी कीमत करीब 67% बढ़ चुकी है। इस तेजी के पीछे भू-राजनीतिक और व्यापारिक तनाव, सेंट्रल बैंकों की मजबूत खरीद और अगले साल ब्याज दरें कम होने की उम्मीद अहम कारण रहे हैं। डॉलर इंडेक्स के कमजोर होने से भी सोने को फायदा मिला, क्योंकि इससे विदेशी निवेशकों के लिए सोना सस्ता पड़ता है।

आगे भी दिख रही है मजबूती

फिलहाल निवेशक 2026 में अमेरिका में दो बार ब्याज दरों में कटौती की संभावना को बाजार में शामिल कर रहे हैं। ब्याज नहीं देने वाली संपत्ति होने के बावजूद, कम दरों के माहौल में सोना ज्यादा आकर्षक बन जाता है, जिससे इसकी मांग बनी हुई है।

बड़े शहरों में 24 कैरेट सोने के दाम

मुंबई और कोलकाता में 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का भाव ₹1,34,170 रहा। चेन्नई में यही सोना ₹1,35,270 प्रति 10 ग्राम पर था। वहीं, दिल्ली में 10 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत ₹1,34,320 दर्ज की गई। मुंबई, कोलकाता, बेंगलुरु और हैदराबाद में 10 ग्राम 22 कैरेट सोना ₹1,22,990 में बिक रहा था। चेन्नई में इसका भाव थोड़ा ज्यादा ₹1,23,990 रहा।

दिल्ली में 10 ग्राम 22 कैरेट सोने की कीमत ₹1,23,140 थी। दिल्ली, कोलकाता और मुंबई में 1 किलो चांदी की कीमत ₹2,13,900 रही। वहीं, चेन्नई में चांदी काफी महंगी रही और इसका भाव ₹2,25,900 प्रति किलो दर्ज किया गया।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

अगला लेख