return to news
  1. Train Ticket Tips: दिवाली-छठ पर घर जाने की नो टेंशन, इन आसान तरीकों से मिल सकता है ट्रेन का कन्फर्म टिकट

पर्सनल फाइनेंस

Train Ticket Tips: दिवाली-छठ पर घर जाने की नो टेंशन, इन आसान तरीकों से मिल सकता है ट्रेन का कन्फर्म टिकट

Upstox

3 min read | अपडेटेड October 26, 2026, 18:27 IST

सारांश

दिवाली और छठ पूजा पर घर जाने वालों के लिए ट्रेन में कन्फर्म टिकट पाना बड़ी चुनौती बन जाता है। लेकिन कुछ खास ट्रिक्स और रेलवे की सुविधाओं का सही इस्तेमाल करके आप कन्फर्म सीट हासिल कर सकते हैं। इनमें IRCTC मास्टर लिस्ट, तत्काल बुकिंग, विकल्प स्कीम और स्पेशल ट्रेनों का सहारा शामिल है।

train-ticket-diwali-chhath

दिवाली और छठ पूजा के मौके पर ट्रेन में कन्फर्म सीट पाने के लिए अपनाएं ये आसान टिप्स।

दिवाली और छठ पूजा का त्योहार आते ही ट्रेनों में टिकट के लिए भारी मारामारी शुरू हो जाती है। हर साल लाखों लोग त्योहार मनाने घर जाते हैं, जिससे दिल्ली, मुंबई, गुजरात से यूपी-बिहार जाने वाली ट्रेनों में महीने पहले ही लंबी वेटिंग लिस्ट लग जाती है। कई बार बुकिंग खुलते ही सीटें मिनटों में फुल हो जाती हैं और लोगों को निराशा हाथ लगती है। अगर आपको भी सामान्य बुकिंग में टिकट नहीं मिल पाया है और टिकट भारी वेटिंग में अटका है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। रेलवे की कुछ खास सुविधाओं और सही प्लानिंग से आप त्योहारों की इस भीड़ में भी कन्फर्म टिकट हासिल कर सकते हैं।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

IRCTC मास्टर लिस्ट से बचाएं समय

ट्रेन टिकट बुक करते समय सबसे बड़ा खेल समय का होता है। खासकर जब आप तत्काल में टिकट बुक कर रहे हों, तब एक-एक सेकेंड कीमती होता है। ऐसे में आईआरसीटीसी की 'मास्टर लिस्ट' सुविधा आपके काम आती है। टिकट बुकिंग शुरू होने से पहले ही अपने अकाउंट में जाकर यात्रियों के नाम, उम्र और सीट की पसंद सेव कर लें। इसके अलावा पेमेंट के लिए यूपीआई या ई-वॉलेट तैयार रखें। बुकिंग खुलते ही आपको यात्रियों का विवरण दोबारा टाइप नहीं करना पड़ेगा और एक क्लिक में नाम जुड़ जाएंगे। इससे समय बचेगा और टिकट कन्फर्म होने की संभावना बढ़ जाएगी।

विकल्प स्कीम का जरूर करें इस्तेमाल

अगर आपकी ट्रेन का टिकट वेटिंग में है, तो आईआरसीटीसी की 'विकल्प स्कीम' बड़ा सहारा बन सकती है। टिकट बुक करते समय आप इस विकल्प को चुन सकते हैं। इसके तहत रेलवे आपको उसी रूट की अन्य ट्रेनों में खाली सीट देने की कोशिश करता है। कई बार मुख्य ट्रेन में वेटिंग होती है, लेकिन उसी रूट की दूसरी ट्रेनों में सीटें खाली रह जाती हैं। विकल्प स्कीम चुनने पर अगर आपकी ट्रेन में सीट कन्फर्म नहीं होती, तो सिस्टम बिना अतिरिक्त चार्ज के दूसरी ट्रेन में कन्फर्म सीट दे देता है। इसलिए बुकिंग के समय इस ऑप्शन को कभी न छोड़ें।

फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों पर रखें नजर

त्योहारों में यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे हर साल सैकड़ों स्पेशल ट्रेनें चलाता है। ये ट्रेनें त्योहार से कुछ दिन पहले घोषित होती हैं और कई बार लोगों को तुरंत इनकी जानकारी नहीं मिल पाती। इसलिए रेलवे की वेबसाइट और खबरों पर नजर बनाए रखें। जैसे ही रेलवे आपके रूट के लिए किसी नई स्पेशल ट्रेन का ऐलान करे, तुरंत बुकिंग कर लें। चूंकि इन ट्रेनों की जानकारी धीरे-धीरे फैलती है, इसलिए शुरुआत में इनमें कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना काफी ज्यादा रहती है।

रूट बदलकर या आगे के स्टेशन से करें बुकिंग

अगर सीधी ट्रेन में सीटें नहीं मिल रही हैं, तो आप कनेक्टिंग ट्रेन का तरीका अपना सकते हैं। कई बार किसी बड़े जंक्शन तक टिकट मिल जाता है और वहां से आगे दूसरी ट्रेन में सीटें मिल जाती हैं। इसके अलावा कई बार बोर्डिंग स्टेशन से सीटें खत्म हो जाती हैं, लेकिन ट्रेन के शुरुआती स्टेशन का कोटा खाली रहता है। ऐसी स्थिति में आप शुरुआती स्टेशन से टिकट बुक करके अपना बोर्डिंग प्वाइंट बदल सकते हैं। इससे थोड़े ज्यादा पैसे जरूर लग सकते हैं, लेकिन त्योहार पर घर पहुंचने के लिए कन्फर्म सीट पक्की हो जाती है।

लेखकों के बारे में

Upstox
Upstox Hindi News Desk पत्रकारों की एक टीम है जो शेयर बाजारों, अर्थव्यवस्था, वस्तुओं, नवीनतम व्यावसायिक रुझानों और व्यक्तिगत वित्त को उत्साहपूर्वक कवर करती है।

अगला लेख