return to news
  1. Auto stocks: GST रिफॉर्म से ऑटो इंडस्ट्री की ग्रोथ 7% पर लौटने की उम्मीद, आज फिर भागे M&M, Maruti समेत कई शेयर

मार्केट न्यूज़

Auto stocks: GST रिफॉर्म से ऑटो इंडस्ट्री की ग्रोथ 7% पर लौटने की उम्मीद, आज फिर भागे M&M, Maruti समेत कई शेयर

Shubham Singh Thakur

5 min read | अपडेटेड September 05, 2025, 11:24 IST

सारांश

मारुति सुजुकी इंडिया (MSIL) ने गुरुवार को कहा कि GST को युक्तिसंगत बनाने से ऑटोमोटिव इंडस्ट्री को सालाना आधार पर लगभग 7% की वृद्धि दर हासिल करने में मदद मिलेगी। कंपनी के चेयरमैन आर.सी. भार्गव ने एक बयान में कहा कि ऑटोमोटिव इंडस्ट्री तेज आर्थिक विकास का डायरेक्ट बेनिफिशियरी होगा।

शेयर सूची

Auto stocks

Auto stocks: ऑटो इंडेक्स में शामिल ज्यादातर शेयर हरे निशान पर ट्रेड कर रहे हैं।

Auto stocks: GST में बदलाव के बाद ऑटो सेक्टर की कंपनियों के शेयरों में तेजी का सिलसिला आज 05 सितंबर को लगातार दूसरे दिन जारी है। आज के कारोबार में निफ्टी ऑटो इंडेक्स में 1.11 फीसदी की तेजी है। इंडेक्स में शामिल ज्यादातर शेयर हरे निशान पर ट्रेड कर रहे हैं। सबसे ज्यादा खरीदारी महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M) के शेयरों में है और यह 2 फीसदी से अधिक की तेजी के साथ 3,559.30 रुपये के भाव पर ट्रेड कर रहा है।
Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

इसके अलावा, Eicher Motors में 1.75 फीसदी, Ashok Leyland में 1.30 फीसदी, Maruti Suzuki India में 1.28 फीसदी और Exide Industries में 1.13 फीसदी की बढ़त नजर आ रही है। इसके पहले कल यानी 04 सितंबर को भी ऑटो शेयरों में मजबूती देखी गई थी।

ऑटो इंडस्ट्री को 7% ग्रोथ की उम्मीद

मारुति सुजुकी इंडिया (MSIL) ने गुरुवार को कहा कि जीएसटी को युक्तिसंगत बनाने से ऑटोमोटिव इंडस्ट्री को सालाना आधार पर लगभग 7% की वृद्धि दर हासिल करने में मदद मिलेगी। कंपनी के चेयरमैन आर.सी. भार्गव ने एक बयान में कहा कि ऑटोमोटिव इंडस्ट्री तेज आर्थिक विकास का डायरेक्ट बेनिफिशियरी होगा। भार्गव ने कहा, "कार इंडस्ट्री की ग्रोथ को भी जीएसटी सिस्टम से लाभ होगा। हमें उम्मीद है कि इंडस्ट्री की वृद्धि दर लगभग 7% प्रति वर्ष पर वापस आ जाएगी। इससे मैन्युफैक्चरिंग ग्रोथ और रोजगार दोनों को लाभ होगा।"

पहले के अनुमानों के अनुसार वित्त वर्ष 26 में पैसेंजर व्हीकल सेगमेंट में मामूली 1-2% की वृद्धि का अनुमान था। भार्गव ने कहा कि विशेष रूप से मारुति सुजुकी छोटी कारों को 18% जीएसटी दर में शामिल किए जाने के लिए आभारी है। भार्गव ने कहा, "10% कम कर दर सुस्त पड़े बाजार को गति प्रदान करेगी और अधिक से अधिक लोग सुरक्षित और आरामदायक आवागमन के साधन खरीद सकेंगे।"

जीएसटी दरों में बदलाव को एक बड़ा सुधार बताते हुए, भार्गव ने कहा कि इससे पूरी अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा और देश विकसित भारत के अपने लक्ष्य के और करीब पहुंचेगा। उन्होंने आगे कहा, "यह सुधार एक और कदम है जो लोगों को अपना भविष्य स्वयं गढ़ने के लिए सशक्त बनाएगा।"

उन्होंने कहा कि पिछले बजट ने लोगों की जेब में अच्छी-खासी रकम डाली, साथ ही मुद्रास्फीति नियंत्रण और वित्तीय समझदारी के कारण उधारी दरों में भी कमी आई है। भार्गव ने कहा, "नया जीएसटी सिस्टम रोजमर्रा की कई वस्तुओं को और अधिक किफायती बना देगा। लोगों की क्रय शक्ति बढ़ेगी, जिससे मांग और उत्पादन में वृद्धि होगी। निर्णय लेने और कार्यान्वयन की गति भी सराहनीय है।"

लग्जरी कार कंपनी ऑडी इंडिया के हेड ने क्या कहा?

ऑडी इंडिया के प्रमुख बलबीर सिंह ढिल्लों ने कहा कि वाहन निर्माता कंपनी जीएसटी सरलीकरण को सही दिशा में एक कदम मानती है, जो उद्योग के विकास को बढ़ावा देगा और बाजार के विस्तार में मदद करेगा। उन्होंने आगे कहा, "ईवी पर कम दर बनाए रखना जीएसटी काउंसिल का एक स्वागत योग्य कदम है; इससे बहुत जरूरी स्पष्टता आती है और हमारे पोर्टफोलियो को हमारे समझदार खरीदारों के लिए अधिक सुलभ बनाता है।"

जेके टायर के हेड का बयान

जेके टायर एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष एवं MD रघुपति सिंघानिया ने कहा कि सरकार ने कई क्षेत्रों में नई मांग को बढ़ावा देते हुए कंज्यूमर्स का बोझ कम किया है। उन्होंने आगे कहा, "टायरों पर जीएसटी को 28% से घटाकर 18% और कृषि टायरों पर 5% करना एक ऐतिहासिक सुधार है जिससे टायर उद्योग और परिवहन क्षेत्र को जबरदस्त बढ़ावा मिलेगा।" सिंघानिया ने कहा कि टायर रोजमर्रा की जिंदगी का एक अहम हिस्सा है और इस प्रगतिशील कदम से कंज्यूमर्स और मैन्युफैक्चरर्स, दोनों को फायदा होगा।

GST में ऑटो सेक्टर को बड़ी राहत

GST में बदलाव ऑटो सेक्टर के लिए बड़ी राहत लेकर आया है। इस बदलाव के तहत अब 5 फीसदी और 18 फीसदी के केवल दो स्लैब होंगे। इससे कई प्रोडक्ट्स की कीमत घट जाएगी। नया GST सिस्टम नवरात्रि के पहले दिन यानी 22 सितंबर से लागू हो जाएगा।

जीएसटी दरों में बदलाव से छोटी कारें और मोटरसाइकिल सस्ती होंगी। इसके तहत 1200 सीसी से कम और 4000 मिमी से कम लंबाई वाले पेट्रोल, LPG और CNG वाहन और 1500 सीसी और 4000 मिमी तक लंबाई वाले डीजल वाहनों पर मौजूदा 28 फीसदी की जगह अब 18 फीसदी टैक्स लगेगा। वहीं, 350 सीसी तक की मोटरसाइकिल पर अब 18 फीसदी की दर से जीएसटी लगेगा जबकि वर्तमान में यह 28 फीसदी है।

1200 सीसी से अधिक और 4000 मिमी से अधिक लंबी सभी वाहनों के साथ-साथ 350 सीसी से अधिक की मोटरसाइकिल और रेसिंग कार पर 40 फीसदी टैक्स लगाया जाएगा। टैक्स मोर्चे पर छोटी हाइब्रिड कारों को भी लाभ होगा। जबकि इलेक्ट्रिक व्हीकल पर 5 फीसदी की दर से टैक्स लगता रहेगा।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

अगला लेख